रजत पाटीदार का धूम-धड़ाका, 41 गेंदों पर शतक ठोक मचाई तबाही; 281 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन
रजत पाटीदार का धूम-धड़ाका, 41 गेंदों पर शतक ठोक मचाई तबाही; 281 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन
रजत पाटीदार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में असम के खिलाफ 41 गेंदों पर तूफानी शतक जड़कर मध्य प्रदेश को 250 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

रजत पाटीदार ने जमाया शतक
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की कप्तानी कर रहे रजत पाटीदार ने सोमवार को असम के खिलाफ अपनी तूफानी बैटिंग का प्रदर्शन किया। उन्होंने शानदार शतक जमाया और अपनी टीम को बेहद मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ा रोल निभाया।
पाटीदार के शतक के दम पर मध्य प्रदेश ने न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 250 रन बनाए। पाटीदार के अलावा शिवांग कुमार ने अर्धशतकीय पारी खेली।
41 गेंदों पर जमाया शतक
रजत ने असम के खिलाफ 48 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 135 रन बनाए। अपनी पारी में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 13 छक्के और आठ चौके मारे। उनकी यह पारी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए आई। मध्य प्रदेश की टीम पर मुसीबत आन पड़ी थी तब पाटीदार ने कप्तानी पारी खेली और शिवांग ने उनका भरपूर साथ दिया।
मध्य प्रदेश ने अपने तीन विकेट आठवें ओवर में 57 रनों पर ही खो दिए थे। यहां से पाटीदार और शिवांग ने पारी को बुना। दोनों के बीच 153 रनों की साझेदारी हुई। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर शिवांग आउट हो गए। उन्होंने 38 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाए।
पाटीदार ने जारी रखा काम
शिवांग के जाने के बाद भी पाटीदार पर असर नहीं पड़ा और उन्होंने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। इस बल्लेबाज ने असम के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। पाटीदार ने 281.25 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। शिवांग और रजत के अलावा अंकुश सिंह ने 23 और अक्षत रघुवंशी ने 19 रनों का योगदान दिया।
Post A Comment
No comments :