सदभावना न्यूज़ @ एम.के आज़ाद
भोपाल। बच्चों को बेहतर शिक्षा, सही मार्गदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रहबर वेलफेयर ट्रस्ट (RAHBAR WELFARE TRUST) ने भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र स्थित शिरीन अपार्टमेंट में करियर गाइडेंस एवं स्टडी सेंटर की शुरुआत की। सेंटर का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम भोपाल के पार्षद डॉ. रेहान सिद्दीकी की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जेड.यू. अल्वी ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. रेहान सिद्दीकी ने (RAHBAR WELFARE TRUST) की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. जकरिया और मोहम्मद आफाक कई वर्षों से इस प्रकार के सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इन कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि भोपाल के शिक्षा की दृष्टि से पिछड़े क्षेत्रों में भी ऐसे करियर गाइडेंस सेंटर स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को मिलेगी सही दिशा
डॉ. जकरिया ने सेंटर के उद्देश्य और विजन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका मुख्य मिशन नौवीं से बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले ऐसे विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देना है, जिन्हें आगे की पढ़ाई और करियर के चयन को लेकर उचित जानकारी नहीं मिल पाती। कई बच्चे यह तय नहीं कर पाते कि स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें किस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह सेंटर शुरू किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को सही दिशा और मार्गदर्शन मिल सके।
स्टडी सेंटर के साथ लाइब्रेरी और एक्सपर्ट काउंसलिंग की सुविधा
एम. आफाक ने बताया कि सेंटर में केवल स्टडी की सुविधा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी भी स्थापित की गई है। यहां सभी समुदायों के बच्चे आकर पढ़ाई कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के पास विशेषज्ञों की एक टीम भी है, जो विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार सही शैक्षणिक एवं करियर मार्गदर्शन देगी। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि बच्चों को बेहतर माहौल और उचित मार्गदर्शन मिले, ताकि वे पढ़-लिखकर काबिल इंसान बनें और अपने परिवार के साथ भोपाल का नाम भी रोशन करें।
AI के दौर में बच्चों को स्किल आधारित शिक्षा देना जरूरी : सैयद आमिर रिजवी
कार्यक्रम में सैयद आमिर रिजवी ने इस छात्र हितैषी अभियान से जुड़ने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों को दसवीं के बाद सही विषय चुनने के लिए करियर गाइडेंस देना नहीं है, बल्कि उन्हें आने वाले समय की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में बच्चों का मुकाबला केवल दूसरे इंसानों से नहीं, बल्कि मशीनों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से भी होगा। ऐसे में सिर्फ सही विषय का चयन कर लेना ही सफलता की गारंटी नहीं है, बल्कि बच्चों में आवश्यक स्किल्स और व्यावहारिक क्षमताओं का विकास भी बेहद जरूरी है। यदि बच्चों के पास सही कौशल नहीं होगा तो उन्हें भविष्य में रोजगार और करियर के क्षेत्र में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। श्री रिजवी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भोपाल के प्रतिष्ठित नागरिकों, बुद्धिजीवियों और शिक्षाविदों का जिस तरह इस अभियान से जुड़ना हुआ है, उससे उन्हें पूरा विश्वास है कि यह मिशन आने वाले समय में सफल होगा और विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर मौलाना नियामतुल्लाह नदवी, राजा कुरैशी, वैज्ञानिक अली दसनवी, ट्रस्टी (Trustee) एम. अफाक, डॉ. जकरिया, खान बहादुर खान, सैयद आमिर रिजवी, डॉ. शौकत और सफदर खान सहित सामाजिक कार्यकर्ता सोहेल, एम. माहिर, रफत, मुनव्वर खान, शाहाब सलीम, काजिम हसन, सैयद फैज, अली भाई, नसीम भोपाली, जाहिद मंसूरी, गुड्डू भाई, मुनीस खान आज़ाद, इरफान सर, ओवैस हाशमी और नबील बारी सहित शिक्षा एवं काउंसलिंग से जुड़े विशेषज्ञों ने शिरकत की। इस पहल को विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, करियर निर्माण और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Post A Comment
No comments :