बंगाल चुनाव में आज तेज होगा घमासान, एक ही जिले में ममता और शाह संभालेंगे मोर्चा
एक सप्ताह के भीतर अमित शाह का यह दूसरा चुनावी दौरा है। शाह 11 फरवरी को एक दिन के लिए पश्चिम बंगाल आए थे। एक भाजपा नेता ने कहा, "अमित शाह ने दक्षिण 24 परगना जिले के नामखाना से आज (गुरुवार) को पांचवीं और अंतिम परिर्वतन रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम बनाया है। वह सागर द्वीप पर कपिल मुनि आश्रम और कोलकाता में भारत सेवाश्रम संघ भी जाएंगे।”
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षिण 24 परगना के नारायणपुर गांव में शरणार्थी परिवार के साथ दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद, वह कोलकाता वापस आने से पहले एक रोड शो में भाग लेंगे। भाजपा नेता ने कहा, "शाह के शुक्रवार को नई दिल्ली लौटने से पहले भी उनकी एक कार्यक्रम में शामिल होने की योजना है।"
एक ओर जहां अमित शाह दोपहर 12.50 बजे रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाने वाले हैं, वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी भी एक ही जिले में उसी समय के आसपास एक रैली को संबोधित करेंगे।
इस साल मार्च-अप्रैल में अहम राज्य विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा ने इस बार 294 सीटों में से 200 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। टीएमसी ने हालांकि दावा किया है कि भाजपा दोहरे अंकों में भी सीट नहीं ला पाएगी।
पांचवीं रथ यात्रा की योजना से जुड़े एक भाजपा नेता ने कहा कि अंतिम रथ यात्रा मुख्यमंत्री और उनके भतीजे के लिए एक सीधी चुनौती होगी।
भाजपा नेता ने कहा, “पांचवीं रथ यात्रा दो प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों, डायमंड हार्बर और दक्षिण कोलकाता से होकर गुजरेगी। एक टीएमसी के अभिषेक बनर्जी का निर्वाचन क्षेत्र है और दक्षिणी क्षेत्र मुख्यमंत्री का घर है। ममता बनर्जी दक्षिण कोलकाता में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक हैं। ”
डायमंड हार्बर में सिरकोल के माध्यम से रैली निकालने के लिए योजनाएं बनाई गई हैं, इससे पहले 10 दिसंबर, 2020 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला किया गया था। जिसको लेकर राज्य में बहुत बवाल मचा था।

Post A Comment
No comments :