राज्य मंत्री जाकिर हुसैन पर हमले की जांच का जिम्मा पश्चिम बंगाल CID को
हुसैन को फिलहाल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उन पर यह हमला बुधवार को रात करीब 9:45 बजे मुर्शिदाबाद जिले के निमतिता रेलवे स्टेशन के बाहर हुआ। कुछ अज्ञात लोगों ने एक के बाद एक कई बम उन्हें निशाना बनाते हुए फेंके, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उनके अलावा करीब एक दर्जन समर्थक भी जख्मी हुए हैं। मंत्री जाकिर हुसैन के शरीर के बाएं हिस्से में ज्यादा चोट आई है। खासतौर पर पैर में ज्यादा जख्म है।
टीएमसी के मुर्शिदाबाद जिले के अध्यक्ष अबू ताहिर खान ने बताया है कि जाकिर हुसैन को जंगीपुर सरकारी अस्पताल में एडमिट कराया गया है। यही नहीं, उन्हें जल्दी ही कोलकाता शिफ्ट किया जाएगा।
बीते कुछ सालों में यह पहला मौका है, जब पश्चिम बंगाल में किसी मंत्री पर इस तरह से हमला हुआ है। खूनी राजनीतिक संघर्ष के गवाह रहे पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले इस हमले से सियासत तेज हो सकती है। हमले की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ताहिर हुसैन ने 2016 में जंगीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था। इससे पहले वह कांग्रेस में थे। अबू ताहिर खान ने जाकिर हुसैन की सेहत के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वह बुरी तरह जख्मी हुए हैं। खान ने कहा, 'हुसैन के कई टांके लगे हैं। डॉक्टरों का कहना है, ज्यादा जख्मी होने के चलते उनका काफी खून बहा है।'
खान ने इस हमले का आरोप बीजेपी पर लगाया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए उल्टे टीएमसी को ही इसके लिए जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद अपराधियों का गढ़ हो गया है। घोष ने कहा, 'ऐसा हो सकता है कि चुनाव से ठीक पहले टीएमसी में छिड़े आंतरिक संघर्ष के चलते ताहिर हुसैन को निशाना बनाया गया हो।'

Post A Comment
No comments :