पंजाब जाएंगे हार्दिक पांड्या, मुंबई में खेलेंगे अर्शदीप सिंह! सामने आई हैरान करने वाली रिपोर्ट
पंजाब जाएंगे हार्दिक पांड्या, मुंबई में खेलेंगे अर्शदीप सिंह! सामने आई हैरान करने वाली रिपोर्ट
हार्दिक पांड्या आईपीएल 2027 में पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे, जबकि अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में शामिल होंगे। इस ट्रेड में विष्णु विनोद भी शामिल हैं।

हार्दिक पांड्या और अर्शदीप की होगी अदला-बदली
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की आईपीएल टीम को लेकर काफी दिनों से चर्चा हो रही थी। हालांकि, अब इस पर विराम लगता दिख रहा है। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पांड्या आईपीएल-2027 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे और उनकी जगह अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस जाएंगे।
पिछले सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने वाले पांड्या का आने वाले सीजन में नई टीम से खेलना तय लग रहा था। मुंबई में माहौल उनके खिलाफ था और फ्रेंचाइजी रिसेट बटन दबा चुकी थी। कई टीमें इस रेस में थीं, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रंट रनर थी। हालांकि, पंजाब ने मुंबई के साथ डील साइन कर ली है और इसका आधिकारिक एलान कुछ दिनों में हो जाएगा।
इनके बदले होगा ट्रेड
द हिंदू ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पंजाब पांड्या के बदले अपने दो खिलाड़ी दे रही है जिसमें से एक उसकी टीम का अभी तक अहम हिस्सा रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं तो वहीं दूसरे हैं विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद। इन दोनों के बदले फ्रेंचाइजी पांड्या को अपने साथ जोड़ने को तैयार है।
वहीं, पंजाब अर्शदीप के जाने के बाद लखनऊ सुपरजायंट्स से भी एक डील कर सकती है। पंजाब ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस की जगह लखनऊ से मोहसिन खान को ट्रेड कर सकती है। ऐसा करके वह अर्शदीप की कमी पूरी कर लेगी क्योंकि मोहसिन भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। वहीं, पांड्या के आने के बाद स्टोइनिस का रोल पंजाब में सीमित ही रह जाएगा।
पांड्या को मिली थी असफलता
अपने करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस से करने वाले पांड्या साल 2022 में नई नवेली टीम गुजरात टाइटंस में चले गए थे और टीम को अपनी कप्तानी में खिताब भी दिला दिया था। साल 2023 में भी उनकी कप्तानी में टीम फाइनल में पहुंची थी, लेकिन हार गई थी। 2024 में पांड्या मुंबई में बतौर कप्तान लौटे थे, लेकिन तब से मुंबई की स्थिति खराब ही होती गई। टीम के अंदर भी दो गुट बंटने की खबरें लगातार आ रही थीं। मुंबई में माहौल पांड्या के खिलाफ नजर आ रहा था और टीम का प्रदर्शन भी गिर रहा था। ऐसे में उनके टीम से जाने की खबरें थीं।
Labels
Sports
Post A Comment
No comments :