झारखंड के पहले NEP बैच की छात्राओं को राज्यपाल देंगे गोल्ड मेडल, 8 सितंबर को जमशेदपुर में दीक्षा समारोह
झारखंड के पहले NEP बैच की छात्राओं को राज्यपाल देंगे गोल्ड मेडल, 8 सितंबर को जमशेदपुर में दीक्षा समारोह
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का दीक्षा समारोह 8 सितंबर को एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम में होगा, जहां राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एनईपी बैच की छात्राओं और टॉपरों को गोल्ड मेडल देंगे।

8 सितंबर को जमशेदपुर में दीक्षा समारोह
HIGHLIGHTS
दीक्षा समारोह 8 सितंबर को एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम में।
राज्यपाल संतोष गंगवार देंगे एनईपी बैच को गोल्ड मेडल।
नए कोर्स, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप सेंटर होंगे शुरू।
संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का दीक्षा समारोह आठ सितंबर को एक्सएलआरआइ के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे। वे झारखंड के पहले एनईपी आधारित यूजी बैच की छात्राओं सहित यूजी व पीजी की विषयवार टॉपर छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने शनिवार को सिदगोड़ा कैंपस में आयोजित प्रेस वार्ता में समारोह की जानकारी दी। कुलपति प्रो. डॉ. इला कुमार ने बताया कि राज्यपाल दोपहर 12 बजे एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। इस बार पहली बार यूजी और पीजी के विषयवार टॉपरों को गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। वहीं, यूजी व पीजी के ओवरआल टॉपरों में से एक को चांसलर मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
60 छात्राओं को विश्वविद्यालय के लोगो वाली शॉल
गोल्ड मेडल पाने वाली 60 छात्राओं को विश्वविद्यालय के लोगो वाली शॉल भी प्रदान की जाएगी। एनईपी यूजी की ओवरऑल टॉपर होम साइंस सत्र 2022-26 की श्वेता तिवारी, यूजी वोकेशनल सत्र 2023-26 की ओवरऑल टॉपर बीसीए की सान्या कुमारी तथा पीजी सत्र 2024-26 की ओवरआल टॉपर गणित की मुस्कार महतो हैं।
समारोह में एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम में 1100 छात्राओं के बैठने की व्यवस्था होगी, जबकि कुल 2200 छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। प्रेस वार्ता में रजिस्ट्रार डा. सलोमी कुजूर और परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रह्मणियम उपस्थित थीं।
महिला विश्वविद्यालय में शुरू होंगे कई नए कोर्स, स्किल डेवलपमेंट के लिए होगा एमओयू
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में अगले सत्र से कई नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही छात्राओं के लिए स्किल डेवलपमेंट कोर्स भी संचालित किए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से विश्वविद्यालय को आदेश मिल चुका है।
कुलपति प्रो. डॉ. इला कुमार ने बताया कि स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में ड्रोन स्किल डेवलपमेंट सेंटर और स्पेश किड्स नामक संस्था के साथ विश्वविद्यालय का एमओयू होने जा रहा है। एमओयू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनसे जुड़े स्किल डेवलपमेंट कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसका उद्देश्य छात्राओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में स्टार्टअप कल्चर को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए नॉलेज इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना की जा रही है। झारखंड सरकार से इसके लिए अनुमति मिल चुकी है। सेंटर के माध्यम से छात्राओं और शोधार्थियों के शोध कार्यों को प्रोत्साहित करने के साथ ही नए स्टार्टअप आइडिया को विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि नए कोर्स, कौशल विकास और इनक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से छात्राओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे।
Labels
Desh
Post A Comment
No comments :