कपल ने सरकारी हेलिकॉप्टर में खिंचवाई फोटो, वायरल होने के बाद चालक सस्पेंड
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि रायपुर के पुलिस लाइन स्थित शासकीय हैंगर में रखे हेलिकॉप्टर के भीतर युगल के फोटो खिंचवाने की जानकारी मिलने के बाद राज्य शासन ने विमानन विभाग में वाहन चालक योगेश्वर साय को निलंबित कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष 21 जनवरी को युवक-युवती शासकीय हैंगर में रखे हेलिकॉप्टर में पहुंचे और वहां उन्होंने अलग- अलग अंदाज में फोटो खिंचवाया। बाद में जब उनकी फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुई तब इसकी जानकारी विमानन विभाग के अधिकारियों को मिली।
उन्होंने बताया कि हैंगर में रखे हेलिकॉप्टर का उपयोग राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों द्वारा किया जाता है। राज्य के विमानन संचालनालय के संचालक नीलम नामदेव एक्का ने बताया कि शासकीय हैंगर परिसर सुरक्षित क्षेत्र है। यहां बिना अनुमति के किसी भी अंजान व्यक्ति का प्रवेश निषेध है। वाहन चालक योगेश्वर साय ने हैंगर की सुरक्षा के निर्देशों का उल्लंघन किया है। यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसलिए उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

Post A Comment
No comments :