पीएम किसान स्कीम: तो क्या बंगाल के किसानों को एकमुश्त 14,000 रुपए की रकम देगी मोदी सरकार?
सोनार बंग्ला कैंपेन की लॉन्चिंग के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हम बंगाल के किसानों को पीएम किसान योजना की पिछली सभी किस्तें प्रदान करेंगे और जब हमारी सरकार बंगाल में बनेगी तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को यहां लॉन्च किया जाएगा और इससे राज्य के 73 लाख किसान लाभान्वित होंगे। बता दें कि मोदी सरकार ने पीएम किसान योजना की सात किस्तें जारी कर दी हैं और हर किस्त में दो हजार रुपए मिलते हैं।
जेपी नड्डा ने आगे कहा कि देश में लगभग 10 करोड़ किसान हैं, इनमें से लगभग 73 लाख बंगाल में ही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 7 किस्तें पहले ही जारी की जा चुकी हैं मगर बंगाल के किसान इससे वंचित रह गए हैं। उन्होंने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद बंगाल के लोग इस योजना से वंचित नहीं रहेंगे।
बता दें कि बुधवार को पीएम किसान योजना के दो साल पूरे हो गए। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 2019 में हुई थी। इसके तहत मोदी सरकार किसानों के बैंक खातों में हर साल 6000 रुपये जमा करती है। सरकार तीन बार में 2000-2000 रुपए करके किसानों के खाते में डालती है। प्रधानमंत्री मोदी ने 25 दिसंबर को पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत वित्तीय लाभ की सातवीं किस्त जारी की थी।

Post A Comment
No comments :