मोहम्मद आमिर का पाकिस्तान क्रिकेट के साथ 'चैप्टर क्लोज', ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद वापसी की अटकलों पर लगाया विराम
मोहम्मद आमिर का पाकिस्तान क्रिकेट के साथ 'चैप्टर क्लोज', ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद वापसी की अटकलों पर लगाया विराम
मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान की नेशनल टीम में वापसी की अटकलों पर विराम लगाते हुए यह साफ कर दिया है ...और पढ़ें

मोहम्मद आमिर
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान की नेशनल टीम में वापसी की अटकलों पर विराम लगाते हुए यह साफ कर दिया है कि उनका इंटरनेशनल करियर अब पूरी तरह से खत्म हो चुका है। दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपनी पत्नी नरजिस खान के जरिए ब्रिटिश नागरिकता और ब्रिटिश पासपोर्ट हासिल कर लिया है।
आमिर ने बताया कि उनके नए स्टेटस का मतलब है कि अब उन्हें काउंटी चैंपियनशिप और 'द हंड्रेड' जैसे टूर्नामेंट में लोकल पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं माना जाएगा। इंग्लिश घरेलू क्रिकेट में लोकल खिलाड़ी के तौर पर रजिस्टर होने वाले खिलाड़ियों को यह बताना होता है कि वे किसी दूसरे देश के लिए लोकल खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेलेंगे।
मैं ब्रिटिश लोकल खिलाड़ी
यूट्यूबर फुरकान भट्टी को दिए एक इंटरव्यू में आमिर ने कहा, "अब मैं ब्रिटिश लोकल खिलाड़ी हूं। जब आप काउंटी चैंपियनशिप और 'द हंड्रेड' जैसे टूर्नामेंट में लोकल खिलाड़ी के तौर पर खेलते हैं, तो आपको एक डॉक्यूमेंट पर साइन करना होता है जिसमें लिखा होता है कि आप किसी दूसरे देश के लिए लोकल खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेल सकते। इसलिए, पाकिस्तान वाला मेरा चैप्टर अब बंद हो चुका है।"
आमिर के प्रदर्शन पर नजर
आमिर ने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 T20I मैच खेले। टेस्ट में उन्होंने 119, एकदिवसीय में 81 और टी20 इंटरनेशनल में 71 विकेट झटके। उन्होंने तीन वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया। इसमें 2019 का वनडे वर्ल्ड कप भी शामिल है, जहां वे 17 विकेट लेकर पाकिस्तान के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
भारत के खिलाफ किया था कमाल
आमिर ने पाकिस्तान की 2009 T20 वर्ल्ड कप और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनका सबसे यादगार प्रदर्शन 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के खिलाफ रहा था। उस मैच में आमिर ने 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे। तेज गेंदबाज ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और शिखर धवन को आउट किया था। पाकिस्तान ने यह मैच 180 रनों से जीता था।
उन्होंने 2019 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट चटकाए थे। पाकिस्तान फैंस 2027 विश्व कप में उन्हें देखना चाहते थे। ब्रिटिश नागरिकता लेने से उन्हें काउंटी और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपना करियर आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा, जबकि पाकिस्तान के लिए उनकी उपलब्धियां उनकी विरासत का एक अहम हिस्सा बनी रहेंगी।
Labels
Sports
Post A Comment
No comments :