पत्नी बुशरा बीबी और बहन से 9 महीने में पहली बार मिले इमरान खान, अदियाला जेल में क्या हुई बातचीत?
पत्नी बुशरा बीबी और बहन से 9 महीने में पहली बार मिले इमरान खान, अदियाला जेल में क्या हुई बातचीत?
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने 9 महीने बाद रावलपिंडी की अदियाला जेल में अपनी पत्नी बुशरा बीबी और बहन से मुलाकात की।

इमरान खान से जेल में पत्नी और बहन ने की मुलाकात (फोटो-रॉयटर्स)
इमरान खान ने 9 महीने बाद पत्नी बुशरा बीबी और बहन से मुलाकात की।
सुप्रीम कोर्ट ने गिरती सेहत पर चिंता जताते हुए मुलाकात की अनुमति दी।
अदालत ने राजनीतिक बयानबाजी पर सख्त हिदायत दी, उल्लंघन पर राहत रद्द।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान ने रावलपिंडी की अदियाला जेल में 9 महीने के लंबे अंतराल के बाद पहली बार अपनी पत्नी बुशरा बीबी और बहन से मुलाकात की।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा इमरान खान की गिरती सेहत पर चिंता जताए जाने और परिजनों को हर हफ्ते मिलने की अनुमति दिए जाने के बाद यह मुलाकात संभव हो सकी।
कॉफ्रेंस रूम में 15 मिनट हुई बातचीत
पाकिस्तान अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान की बहन नोरिन नियाजी ने जेल के कॉन्फ्रेंस रूम में उनसे करीब 15 मिनट तक बातचीत की। इस दौरान दोनों के बीच खान के स्वास्थ्य और कानूनी स्थिति पर चर्चा हुई।
बहन नोरिन ने इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी भी दी। कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया है कि इमरान खान को दो दिनों के भीतर मेडिकल जांच के लिए इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया जाए और 16 सितंबर तक वहीं रखा जाए।
राजनीतिक बयानबाजी पर सख्त हिदायत
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया है कि इस मुलाकात का इस्तेमाल किसी भी तरह के राजनीतिक फायदे या बयानबाजी के लिए नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी गई है कि नियम का उल्लंघन होने पर दी गई राहत वापस ली जा सकती है।
यही वजह रही कि खान की अन्य बहनों, अलीमा खान, उजमा खान और उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं को मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
पत्नी बुशरा बीबी से भी हुई मुलाकात
जेल सूत्रों के मुताबिक, इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के बीच भी कॉन्फ्रेंस रूम में करीब 35 से 40 मिनट तक मुलाकात हुई। इसके अलावा, बुशरा बीबी ने अपनी पहली शादी से हुए बच्चों और अपनी ननद मेहरुन्निसा से भी अलग से मुलाकात की।
गौरतलब है कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं और अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं। अदालत अब 16 सितंबर को खान के निजी अस्पताल में इलाज की याचिकाओं पर दोबारा सुनवाई करेगी।
Post A Comment
No comments :