अली मोहम्मद नैनी ने दी थी 'सरप्राइज मिसाइल' हमले की चेतावनी, कुछ ही घंटे बाद इजरायल ने किया ढेर
अली मोहम्मद नैनी ने दी थी 'सरप्राइज मिसाइल' हमले की चेतावनी, कुछ ही घंटे बाद इजरायल ने किया ढेर
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के वरिष्ठ अधिकारी अली मोहम्मद नाइनी ने इजरायल और अमेरिका को 'सरप्राइज' हमले की चेतावनी ...और पढ़ें
ईरानी अधिकारी ने इजरायल-अमेरिका को 'सरप्राइज' हमले की चेतावनी दी।
चेतावनी के कुछ घंटों बाद ही एयरस्ट्राइक में नाइनी मारे गए।
इजरायल ने ईरान की मिसाइल क्षमताएं नष्ट होने का दावा किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के वरिष्ठ अधिकारी अली मोहम्मद नाइनी ने इजरायल और अमेरिका को 'सरप्राइज' हमले की चेतावनी दी थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वह एयरस्ट्राइक में मारे गए। इस घटना ने क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि उनके प्रवक्ता अली मोहम्मद नाइनी अमेरिका-इजरायल की आपराधिक और कायराना कार्रवाई में मारे गए। संगठन ने उन्हें 'शहीद' बताते हुए कहा कि उनके विचार आगे भी मार्गदर्शन करते रहेंगे।
मौत से पहले दी थी 'सरप्राइज' की चेतावनी
अपनी मौत से पहले अली मोहम्मद नाइनी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दावों का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा था कि ईरान की मिसाइल क्षमता अपने सबसे ऊंचे स्तर पर है और युद्ध के दौरान भी उत्पादन जारी है।
उन्होंने कहा कि ईरान के पास पर्याप्त मिसाइल भंडार है और इसको लेकर कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा, "हमारी मिसाइल इंडस्ट्री पूरी तरह मजबूत है और दुश्मनों का सामना करने के लिए सरप्राइज तैयार है।"
नाइनी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के उस दावे को भी खारिज किया था, जिसमें कहा गया था कि ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है। उन्होंने अमेरिका को चुनौती दी थी कि अगर हिम्मत है तो अपने जहाज फारस की खाड़ी में भेजकर देखे।
इजरायल ने क्या दावा किया?
दूसरी तरफ, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन और बैलिस्टिक मिसाइल बनाने में सक्षम नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि 20 दिनों के युद्ध के बाद ईरान की ये क्षमताएं लगभग खत्म हो चुकी हैं और इजरायल लगातार इन्हें पूरी तरह खत्म करने की दिशा में काम कर रहा है।
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि ईरान पहले से ज्यादा कमजोर हो चुका है, जबकि इजरायल एक मजबूत क्षेत्रीय ताकत बनकर उभरा है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यह संघर्ष और ज्यादा तीखा हो सकता है।
Labels
Videsh
Post A Comment
No comments :