शिशु एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने का कार्य प्राथमिकता से करें : मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री ने की शिशु एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने की कार्य-योजना की समीक्षा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में शिशु एवं मातृ मृत्यु दर को कम करने का कार्य हमारी प्राथमिकता है। इस एजेंडा की प्राथमिकता को ध्यान में रखकर परिवार कल्याण अभियान के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ाई जाना जरूरी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में शिशु एवं मातृ मृत्यु दर को कम करने की कार्य-योजना की समीक्षा कर रहे थे।
कलेक्टर हर माह करें मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कलेक्टर शिशु एवं मातृ मृत्यु दर के एजेंडा की जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रतिमाह मॉनिटरिंग करें। जिले के प्रभारी मंत्री भी इस एजेंडा की सतत रूप से समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य समिति सहित अन्य सभी समितियों की बैठकें प्रभावी हों, जिससे सकारात्मक परिणाम सामने आएँ। बैठकें सिर्फ चाय-नाश्ता तक ही सीमित न रहें।
जिले की ग्रेडिंग निर्धारित करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शिशु एवं मातृ मृत्यु दर को कम करने के संबंध में पैरामीटर बनाएँ। आकांक्षी जिले की तर्ज पर जिले की ग्रेडिंग निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि उपलब्धि के आधार पर ही कलेक्टर की सी.आर. निर्धारित की जायेगी। अच्छा कार्य करने वालों की सराहना एवं खराब उपलब्धि पाए जाने पर कार्यवाही होगी।
नवजात शिशु और माता की मृत्यु की ऑडिट हो
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में नवजात शिशु और माता की मृत्यु के ऑडिट की कार्य-योजना बनाई जाये। इससे मृत्यु का कारण तो पता चलेगा ही साथ ही उसके निवारण की दिशा में प्रयास भी तेज होंगे।
शिशुओं और माताओं की जिंदगी बचाना पवित्र कार्य
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नवजात शिशुओं और माताओं की जिंदगी बचाना सबसे बड़ा पवित्र कार्य है। परिवार कल्याण की गतिविधियों में आशा और एएनएम गृह भेंट कर माताओं को विभिन्न प्रकार की सावधानी रखने की समझाइश दें। स्टाफ नर्स और सीएचओ को भी प्रेरित करें। प्रसव पूर्व और बाद की गतिविधियों की भी नियमित रूप से मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो।
पोर्टल का प्रभावी उपयोग हो
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शिशु एवं मातृ मृत्यु दर कम करने के प्रयासों में आरसीएच पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकसित इस पोर्टल में समस्त गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, प्रसव पूर्व जाँच, प्रसव परिणाम एवं नवजात के जन्म के समय की स्थिति संबंधी समस्त जानकारी संधारित किए जाने का प्रावधान है।
Post A Comment
No comments :