हादसे में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण लाइफ सपोर्ट पर; एयर एंबुलेंस से बेंगलुरु शिफ्ट किए जाएंगे
राजनाथ ने हादसे पर 4 मिनट बयान दिया, कहा- 12:08 पर टूट गया था संपर्क
राजनाथ सिंह ने संसद में 11.05 पर संसद में बयान दिया। 4 मिनट के बयान में उन्होंने हादसे में मारे गए सभी लोगों के बारे में जानकारी दी और रावत के अंतिम संस्कार के बारे में भी बताया। रक्षा मंत्री ने कहा, "हेलिकॉप्टर का संपर्क दोपहर 12:08 पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया था। इसके बाद वह क्रैश हो गया। स्थानीय लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे तो हेलिकॉप्टर में आग लग गई थी। रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं। हादसे में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को वेलिंगटन के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां वे लाइफ सपोर्ट पर हैं। उनकी जान बचाने की कोशिशें जारी हैं।"
शौर्य चक्र से सम्मानित हैं हादसे में बचे वरुण सिंह
हेलिकॉप्टर क्रैश में सिर्फ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह बचे हैं। उनका शरीर इस हादसे में बुरी तरह झुलस गया है। वे वेलिंगटन के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले साल तेजस फाइटर जेट उड़ाते वक्त उन्हें बड़ी तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा था, पर उन्होंने साहस नहीं खोया और विमान को सुरक्षित लैंड कराया था। इसके लिए उन्हें शौर्य चक्र से नवाजा गया था।
ब्लैक बॉक्स मिला, हादसे की वजह सामने आएगी
कुन्नूर में हादसे वाली जगह से ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। इससे ही हादसे की असल वजह सामने आ पाएगी। ब्लैक बॉक्स स्टील या टाइटेनियम से बनी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग डिवाइस है, जो विमान के क्रैश होने पर जांचकर्ताओं को हादसे की वजह जानने में मदद करती है। ब्लैक बॉक्स का रंग काला नहीं, बल्कि ऑरेंज होता है।
हेलिकॉप्टर में सवार थे 14 लोग, 13 की जान गई
तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर CDS रावत का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। उसमें जनरल रावत के साथ उनकी पत्नी मधुलिका रावत भी थीं। उनके अलावा विमान में सेना के 12 लोग सवार थे। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। बुधवार दोपहर तक ये खबर आती रही कि हादसे में घायल हुए कुछ लोगों को गंभीर हालत में वेलिंगटन के मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। जहां से करीब साढ़े पांच घंटे तक खबर आती रही कि जनरल रावत और उनकी पत्नी समेत कुछ अफसर बुरी तरह घायल हुए हैं, लेकिन फिर बारी-बारी से मौत की खबर आने लगी।
दुर्घटना में इनकी मौत
चॉपर में ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर पीएस चौहान, स्क्वॉड्रन लीडर के सिंह, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी. साई तेजा, जूनियर वारंट ऑफिसर दास, जूनियर वारंट ऑफिसर ए प्रदीप और हवलदार सतपाल सवार थे। इन सभी का निधन हो गया है।



Post A Comment
No comments :