उत्तर बस्तर कांकेर : समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केन्द्रवार नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने अधिकारियों को दिये हैं। धान खरीदी हेतु समुचित तैयारी करने के लिए उनके द्वारा उप पंजीयक सहकारी संस्थायें को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये। रबी सीजन में उतेरा फसलों को बढ़ावा देने के लिए भी निर्देशित किया गया। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि जिले में अब तक 06 हजार 850 हेक्टेयर कृषि भूमि में किसानों के द्वारा उतेरा फसल ली जा चुकी है। रबी सीजन के लिए रासायनिक खाद की उपलब्धता की जानकारी भी ली गई। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले के सहकारी समितियों में 2162 मेट्रिक टन रासायनिक खाद उपलब्ध है तथा किसानों की मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध करा दिया जाएगा।कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में कोविड-19 टीकाकरण टीकाकरण में तेजी लाने के लिए निर्देशित करते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी को अंतागढ़ में कैम्प करने के निर्देश भी दिये। पोषण पुनर्वास केन्द्रों में पूरी क्षमता के अनुरूप कुपोषित बच्चों को दाखिला करवाने हेतु महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाले ग्रामीण सचिवालय में नोडल अधिकारियों की उपस्थिति तथा प्राप्त आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के लिए उनके द्वारा निर्देशित किया गया। आंगनबाड़ी के लिए भवनों के निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में रनिंग वाटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिये। बस्तर विकास प्राधिकरण सहित निर्माण एजेंसियों द्वारा बनाये जा रहे भवनों एवं पुल-पुलियों, घोटुल एवं देवगुड़ी निर्माण के प्रगति की समीक्षा भी उनके द्वारा की गई तथा गौठानों को मल्टी एक्टीविटी केन्द्र के रूप में विकसित करने हेतु जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया। हाट-बाजार क्लीनिक योजनांतर्गत जिले के सभी हाट-बाजारों में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार करने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री चन्दन कुमार द्वारा राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजनांतर्गत प्राप्त आवेदन एवं उनका पंजीयन, शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमित शासकीय भूमि का व्यवस्थापन, नामांतरण, बंटवारा, डायवर्सन इत्यादि प्रकरणों के निराकरण की भी गहन समीक्षा किया गया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
बैठक में अपर कलेक्टर एस.पी. वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, डीएफओ पश्चिम भानुप्रतापपुर आर.सी. मेश्राम, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।
Post A Comment
No comments :