सुकमा : खत्म हुआ नाव के इंतजार और पलटने का डर : नाव नहीं अब दुपहिया से करते हैं नदी पार
ग्रामीणों ने गंजेनार- कोडरीपाल पुल के लिए जताया आभार
पुल निर्माण से 6 ग्राम पंचायत जुड़े एक साथ
शबरी नदी में गंजेनार में पुल बनने से आस-पास के ग्रामीणों का नाव का इंतजार करने का दौर खत्म हो गया है, वहीं नाव के पलटने से होने वाली जानमाल के नुकसान का डर भी अब नहीं रहा। बरसात के दिनों में उफान के दौरान आस-पास के ग्रामीणों में महीनों तक जो मेल-मिलाप का अभाव दिखता था, वह भी अब इस पुल के बनने से पूरी तरह खत्म हो गया है।
अब नदी पार जाने में नहीं होती कोई कठिनाई
ग्राम गंजेनार के सरपंच श्री देवाराम कश्यप ने बताया कि पूर्व में क्षेत्रवासियों को शबरी नदी के दूसरे छोर पर बसे गांव में जाने के लिए पुजारीपाल, धोबनपाल, तालनार से होकर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें लगभग 45 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। ग्रामीण नाव के माध्यम से नदी पार करते थे, जिसमें बहुत जोखिम होता था। अक्सर नदी पार करते वक्त हादसे होते रहे हैं, जिससे ग्रामीण हताहत हुए हैं। वहीं बरसात के मौसम में शबरी नदी के उफान पर होने से नाव भी अनुपयोगी ही जाती थी। आवश्यकता होने पर ग्रामीणों को विवशता पूर्ण सुकमा होते हुए नदी पार स्थित ग्राम में जाना पड़ता था। पर अब गंजेनार कोडरीपाल पुल के निर्माण से गजेनार वासियों के साथ कोडरीपाल, कावसीरास, बोरगुड़ा, गुम्मा, तालनार, एवं बुड़दी के ग्रामीणों को सुविधा हो रही है। अब वे पुल के माध्यम से कम समय में बड़ी आसानी से नदी पार बसे गांव तक पहुंच पाते हैं।
वहीं ग्राम गंजेनार के ग्रामीण एवं पूर्व सरपंच आयता राम नाग ने कहा कि रोजमर्रा के कार्यों के लिए उन्हें अक्सर नदी के दूसरे छोर पर बसे गांव जाना पड़ता है, पहले ग्रामीणों को आवाजाही में बहुत कठिनाई होती थी। गर्मी के मौसम में नदी में जलस्तर कम होने के कारण कुछ लोग नाव से नदी के दूसरे छोर जाते थे लेकिन हर वक्त खतरे की स्थिति बनी रहती थी। नाव से नदी पार करने में डर भी लगता था। अब पुल के शुरू हो जाने से बहुत कम समय में वे नदी पार बसे ग्राम कवसीरास, कोडरीपाल, बुड़दी सहित अन्य ग्रामों की ओर चले जाते हैं। इसके साथ ही पुल के निर्माण से सीमावर्ती राज्य ओडिसा के ग्रामीणों को भी आवागमन की सुविधा मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा ने क्षेत्रवासियों से किए गए अपने वादे को पूरा करते हुए 9 फरवरी 2021 को छिंदगढ़ विकासखंड अन्तर्गत ग्राम पंचायत गंजेनार में शबरी नदी पर निर्मित उच्च स्तरीय पुल का शुभारम्भ किया था। इस पुल के उद्घाटन होने पर निश्चत तौर से इसका लाभ ग्रामीणों को मिलने लगा है। इस 500 मीटर पुल के निर्माण से 6 पंचायत के ग्रामीणों को आवाजाही में सुविधा हो रही है। अब क्षेत्रवासियों बरसात के मौसम में जान जोखिम में डाले बगैर पुल के माध्यम से आवागमन कर सकते हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों तक सवास्थ्य सुविधा, सहित अन्य सुविधाएं बिना किसी कठिनाई के पहुंचाई जा सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश वासियों के सुगम यातायात और आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलों में नदी नालों पर पुल का निर्माण निरंतर तौर पर किया जा रहा है, जिससे स्थानीय जनता को लाभ मिल रहा है। सुकमा जिले में भी ग्रामीण विकास के लिए अधोसंरचनाओं का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने एक फरवरी को अपने एक दिवसीय सुकमा जिले प्रवास के दौरान जिलेवासियों को गंजेनार कोडरीपाल पुल के रूप में सौगात दी थी। जिसके शुभारम्भ से सुकमा वासियों को सहूलियत हो रही है।

Post A Comment
No comments :