वनडे टीम में श्रेयस अय्यर की जगह लेंगे तिलक वर्मा, खेलेंगे वर्ल्ड कप! टीम मैनेजमेंट कर रहा है बड़ी तैयारी
वनडे टीम में श्रेयस अय्यर की जगह लेंगे तिलक वर्मा, खेलेंगे वर्ल्ड कप! टीम मैनेजमेंट कर रहा है बड़ी तैयारी
भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स वनडे वर्ल्ड कप के प्लान में तिलक वर्मा को देख रहे हैं। रिपोर्ट के ...और पढ़ें

तिलक वर्मा पर है टीम मैनेजमेंट का ध्यान
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में ज्यादा समय नहीं बचा है। टीम इंडिया इस बार खिताब जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। ऐसे में उसने तैयारी शुरू कर दी है और कुछ फैसले भी लिए हैं। उनमें से ही एक फैसला तिलक वर्मा को लेकर है। टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स तिलक वर्मा को वनडे वर्ल्ड कप के प्लान में रख रहे हैं।
अब सवाल ये है कि तिलक आएंगे तो किसकी जगह? तो जवाब है वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की जगह। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स तिलक को वनडे टीम में बैकअप के तौर पर देख रहे हैं। वह टॉप-6 में अय्यर के बैकअप के तौर पर नजर आ सकते हैं।
गेंदबाजी पर काम करने को कहा
रिपोर्ट के मुताबिक, तिलक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और अगर वह आते हैं तो दाएं हाथ के बल्लेबाजों से सजे बल्लेबाजी क्रम में एक विविधता आएगी। टॉप-3 में भारत के पास दाएं हाथ के बल्लेबाज ही हैं। रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि तिलक से उनकी गेंदबाजी पर काम करने को कहा गया है क्योंकि मैनेजमेंट को उनकी ऑफ स्पिन में काफी प्रतिभा नजर आती है। वैसे भी टीम के पास टॉप ऑर्डर में गेंदबाजी के ऐसे विकल्प नहीं हैं जो जरूरत पड़ने पर काम आ सकें। ऐसे में अगर तिलक इसमें कुछ मदद कर सकेंगे तो टीम को फायदा होगा।
रिपोर्ट में बीसीसीआई सूत्र के हवाले से लिखा गया है, "मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल को लगता है कि मिडिल ऑर्डर में टीम के पास ज्यादा बैकअप नहीं है। हार्दिक पांड्या और नीतीश कुमार रेड्डी लगातार चोटों से परेशान रहते हैं। ऐसे में वह चाहते हैं कि कोई ऐसा खिलाड़ी मिले जो वनडे में चार ओवर निकाल सके।"
चाहिए युवा जोश
इसी कारण टीम मैनेजमेंट ने वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल को भी आजमाया है। सूत्र का ये भी कहना है की मैनेजमेंट को बैकअप के तौर पर युवा खिलाड़ी चाहिए। उन्होंने कहा, "टीम को साउथ अफ्रीका की स्थिति के लिए तैयार रहना होगा। अय्यर ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए चोटिल हो गए थे। हाल ही में पेस और बाउंस के खिलाफ उनका खेल भी परखा नहीं गया है। टीम के पास विराट कोहली और रोहित शर्मा के रूप में दो उम्रदराज खिलाड़ी पहले से ही हैं। केएल राहुल भी वर्ल्ड कप आने तक 35 के हो जाएंगे। जडेजा का भी कुछ पक्का नहीं है। फिटनेस की समस्या के कारण टीम की फील्डिंग भी परेशानी का सबब रही है। टीम मैनेजमेंट को लगता है कि उन्हें बैकअप के लिए युवा खिलाड़ी चाहिए।"
Labels
Sports
Post A Comment
No comments :