Live TV

राज्य

[States][twocolumns]

देश

[Desh][list]

राजनीति

[Politics][list]

कदमों में दुनिया, एकतरफा मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया, कोई टीम भी भारत के आसपास नहीं

कदमों में दुनिया, एकतरफा मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया, कोई टीम भी भारत के आसपास नहीं


India Record T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। ये जीत भारत के लिए काफी खास रह ...और पढ़ें






भारत ने न्यूजीलैंड को खिताबी मैच में 96 रन से हराया


भारत ने लगातार दो आईसीसी टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीती


तीन बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीतने वाली बनी पहली टीम


अभिषेक त्रिपाठी,जागरण अहमदाबाद। 2024 में टी-20 विश्व कप, 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी, एशिया कप और अब फिर टी-20 विश्व कप... पिछले तीन सालों में कोई भी टीम ऐसा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। कभी क्रिकेट में ऑस्ट्रेलियाई टीम सिरमौर होती थी लेकिन अब भारतीय टीम के कदमों में दुनिया है।


2023 में अहमदाबाद के इसी नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया से मिली दिल तोड़ने वाली हार के बाद भारत ने मुड़कर नहीं देखा और लगातार तीन साल में तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतकर विश्व को बता दिया कि क्रिकेट के सर्वेसर्वा हम ही हैं।
इस खेल में भारत की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने रविवार को न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी-20 विश्व कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया और रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत हासिल की। भारतीय टीम ने इस खिताबी मुकाबले को एकतरफा अंदाज में 96 रनों से जीता।

भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार जीता T20 WC का खिताब

न्यूजीलैंड की टीम किसी भी समय आसपास भी नहीं दिखी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 19वां ओवर पार्टटाइम गेंदबाज अभिषेक शर्मा को दिया और उनकी गेंद पर तिलक वर्मा ने जैसे ही डफी का कैच लपका, वैसे ही 2023 के जख्मों पर मरहम लगने का अहसास हुआ। 86000 दर्शक वंदेमातरम गाने लगे, सैकड़ो बच्चे तिरंगे के साथ मैदान के अंदर नाचने लगे। इस जीत ने 140 करोड़ भारतीयों को क्रिकेट को प्यार करने की एक और वजह दे दी।

भारतीय बल्लेबाजों का खूंखार प्रदर्शन

भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा खूंखार प्रदर्शन किया कि न्यूजीलैंड के गेंदबाज सहम गए। भारत ने टी-20 विश्व कप का सबसे बड़ा और ओवरआल टी-20 विश्व कप कप का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। भारतीय टीम किसी भी टूर्नामेंट में तीन बार 250 या उससे से ज्यादा का स्कोर बनाने वाली पहली टीम बन गई। भारत ने इस कैलेंडर वर्ष में चार बार 250 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। भारत के अलावा ऐसा कोई नहीं कर पाया है।


भारतीय बल्लेबाजों का हाल यह था कि उसने पावरप्ले में 92, 12वें ओवर में 150 और15वें ओवर में 200 रन पूरे किए। वह तो जेम्स नीशम ने 16वें ओवर में संजू सैमसन (89), इशान किशन (54) और कप्तान सूर्य कुमार यादव (00) का विकेट ले लिया वर्ना टीम 280 का आंकड़ा आसानी से पार कर लेती। हालांकि शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में 24 रन बनाए जिससे भारत ने पांच विकेट पर 255 रनों का स्कोर खड़ा किया।

अभिषेक आए फॉर्म में

लगातार खराब फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा (52) पर भारतीय टीम ने भरोसा बनाए रखा और उन्होंने फाइनल में सिर्फ 18 गेंद में अर्धशतक ठोककर कीवियों के परखच्चे उड़ा दिए। इस विश्व कप में पहली बार भारत के ओपनरों ने 50 रनों से ज्यादा की साझेदारी की। ग्लेन फिलिप्स की ऑफ स्पिन के विरुद्ध सतर्क शुरुआत के बाद उन्होंने किसी गेंदबाज की एक न सुनी और टी-20 नॉकआउट का सबसे तेज अर्धशतक बना डाला।


यह इस विश्व कप का भी सबसे तेज पचासा है। उन्होंने कीवी गेंदबाजों को इतना मारा कि उनकी लय खो दी। उनके गेंदबाज डर के मारे वाइड पर वाइड फेंकने लगे। सबसे शानदार पल तब आया जब जैकब डफी ने आफ साइड में गेंद फेंककर पावरप्ले खत्म करने की कोशिश की, लेकिन अभिषेक बार-बार आगे बढ़ते रहे और उन्हें लेग साइड में खींचते रहे। रवींद्र ने अपने पहले ही ओवर में अभिषेक को आउट किया।


इसमें सेंटनर की भी खराब कप्तानी दिखी। आफ स्पिनरों ने अभिषेक को लगातार परेशान किया है लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पावरप्ले में एक ही ओवर स्पिनर से कराया। अभिषेक और संजू ने शुरुआती दो ओवर में सिर्फ 12 रन बनाए थे लेकिन अगले चार ओवर में इन्होंने 80 रन बनाए।

कमाल के संजू

जब से संजू सैमसन टीम में आए हैं तब से टीम लगातार जीत रही है। 24, नाबाद 97 और 89 रनों की पारी खेलने के बाद उन्होंने फिर एक अर्धशतक ठोका। उन्होंने रचिन रवींद्र पर लगातार तीन छक्के लगाए। संजू टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में पचासा बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। अभिषेक इस मैच में शिवम के बल्ले से खेलने उतरे थे। अभिषेक जब फार्म में नहीं होते हैं तो ऐसे टोटके करते हैं। अभिषेक शर्मा के जबरदस्त पचासे के बाद संजू ने 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस पारी की शुरुआत शांत तरीके से की, जिसके बाद आराम से उनके खाते में रन आते गए।


14वें ओवर में रचिन रवींद्र की गेंद पर संजू सैमसन के छक्कों की हैट्रिक के साथ भारत ने विश्व कप के एक ही सत्र में 100 छक्के पूरे करने का कारनामा किया। संजू और किशन ने दूसरे विकेट के लिए 100 रनों से ज्यादा की साझेदारी की। किशन ने सिर्फ 23 गेंदों में पचासा पूरा करके ये सुनिश्चित किया कि अभिषेक के आउट होने का फर्क भारतीय टीम के स्कोर पर न पड़े। जेम्स नीशम को दो फुलटॉस से दो और एक ओवर में कुल तीन विकेट मिले। पहले संजू सैमसन ने हाई फुलटास पर, फिर किशन ने लो फुलटास पर विकेट गंवाया।


इस टूर्नामेंट में सामान्य प्रदर्शन करने वाले कप्तान सूर्य कुमार फिर बिना खाता खोले आउट हो गए। सूर्यकुमार ने उन्हें लेग साइड पर स्क्वायर के पीछे पुल किया, और रचिन रवींद्र ने शानदार तरीके से कैच कर लिया। इसके बाद लगने लगा कि भारत 250 के पार नहीं पहुंच पाएगा लेकिन शिवम ने आखिरी ओवर में कमाल कर दिया।

गेंदबाज बने जंगबाज

अक्षर पटेल ने पिछले मैच के शतकवीर ओपनर फिन एलन को आउट कर दिया। इसके बाद उनके बल्लेबाज आते गए और जाते गए। सिर्फ साइफर्ट 52 और कप्तान सेंटनर 43 रन की पारी खेल सके लेकिन ये नाकाफी था। अक्षर पटेल ने तीन और बुमराह ने चार विकेट लेकर कीवियों की कमर तोड़ दी।


वरुण ने पिछले मैच में चार ओवर में 64 रन दिए थे लेकिन कोच गौतम ने उन पर और अभिषेक पर पूरा विश्वास जताया और दोनों ने उन्हें सही भी साबित किया। वरुण ने तीन ओवर में 39 रन देकर एक विकेट लिया। मैच में एक बार गर्मागर्मी भी हुई। 11वें ओवर में अर्शदीप ने फालोथ्रू में गेंद पकड़ने के बाद वापस फेंकी जो बल्लेबाज मिशेल को लगी। अर्शदीप की तरफ बढ़े लेकिन अंपायर ने बीच-बचाव किया।
Post A Comment
  • Facebook Comment using Facebook
  • Disqus Comment using Disqus

No comments :


मिर्च मसाला

[Mirchmasala][threecolumns]

विदेश

[Videsh][twocolumns]

बिज़नेस

[Business][list]

स्पोर्ट्स

[Sports][bsummary]